ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के निदेशक बिग्रेडियर डॉ. राकेश कुमार गुप्ता की फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने फर्जी ई-मेल आईडी से जिम्स के कर्मचारियों को संदेश भेजकर रुपये ट्रांसफर करने को कहा। कुछ कर्मचारियों ने निदेशक से संपर्क कर साइबर ठगों की करतूत पहचान ली हालांकि दो कर्मचारी झांसे में आ गए। दोनों ने आरोपी के बताए गए खाते में 20-20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। साइबर सेल की जांच के बाद कासना थाना पुलिस ने अब रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिम्स के निदेशक डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने साइबर सेल को दी शिकायत में कहा है कि फरवरी में किसी आरोपी ने उनकी फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर कर्मचारियों को मेल भेजे थे। आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर रुपयों की मांग की थी। संस्थान के निदेशक का ई-मेल देख कर्मचारी सोच में पड़ गए। एक महिला समेत दो कर्मचारी आरोपियों के झांसे में आ गए और उन्होंने 20-20 हजार रुपये हस्तांतरित कर दिए। इसी तरह के ई-मेल अन्य कर्मचारियों को भी भेजे गए। तो कुछ कर्मचारियों ने निदेशक को कॉल कर इस संबंध में पूछताछ की। उस दौरान निदेशक बाहर गए हुए थे। उन्होंने इस तरह के ई-मेल भेजने से इनकार किया। जब दो कर्मचारियों के रुपये हस्तांतरण करने की जानकारी हुई तो इसकी शिकायत साइबर सेल को दे दी गई। इस मामले में साइबर सेल की जांच के बाद बृहस्पतिवार को कासना थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।