जगाधरी। जिला प्रशासन के समाधान शिविर में वीरवार को दो शिकायतें पहुंची। इसमें एक महिला ने पेंशन बंद करवाने व महिला ने ठगी व मारपीट की शिकायत दी। समाधान शिविर का नेतृत्व सीटीएम पीयूष गुप्ता ने किया। उन्होंने दोनों शिकायतें संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए दी हैं।
समाधान शिविर में शहर की कैंप कॉलोनी निवासी प्रवीण लता ने पेंशन बंद करवाने के बारे में समस्या रखी। प्रवीण ने कहा कि इसके लिए उन्होंने दरखास्त दी थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। वहीं, छछरौली निवासी निर्मल कौर ने धोखे से उससे पैसे लेने व मारपीट के बारे शिकायत दी। इस दौरान सीटीएम ने कहा कि अधिकारी शिविर में आने वाले प्रार्थी की समस्या का मौके पर ही निपटान करने का भरसक प्रयास करें।
यदि किसी समस्या का समाधान दस्तावेजों या जांच पर आधारित है तो समयबद्ध होकर उसका निपटान किया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरतें। समाधान शिविरों की मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री स्वयं कर रहे हैं। अधिकारी लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करें। ताकि यहां आने वाले लोगों को इसके लिए और परेशान न होना पड़े। इस दौरान डीएसपी कंवलजीत सिंह, नायब तहसीलदार चुनाव प्रशांत कुमार व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।