तार चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं में चोरों ने दो हजार मीटर से अधिक विद्युत तार चोरी कर ली। विभाग के जेई ने पुलिस को दोनों घटनाओं की तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र में तार चोरी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। चोर अक्सर मुख्य लाइन से तार चोरी कर ले जाते हैं। 14 अक्तूबर की रात को चोरों ने अकौढ़ा औरंगजेबपुर गांव के पास 500 मीटर से अधिक एलटी विद्युत तार चोरी कर ली। इससे किसानों की ट्यूबवेल पर विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सुबह चोरी का पता लगने पर किसानों ने विभाग को सूचना दी। वहीं, इससे पूर्व 15 सितंबर की रात को चोरों ने अकौढ़ा खुर्द गांव के पास रात के समय अलग-अलग स्थानों पर 1500 मीटर विद्युत तार चोरी कर लिया। दोनों घटनाओं के संबंध में विभाग के जेई अश्वनी कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि दोनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।