-द्वारका इलाके में दो झपटमारी की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे थे आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। द्वारका नार्थ थाना पुलिस ने छीने गए मोबाइल के लोकेशन के जरिए करीब ढ़ाई घंटे तक 30 किलोमीटर तक पीछा कर दो घोषित बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश इलाके में झपटमारी की दो वारदातों को अंजाम देकर बाइक से भाग रहे थे। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान तिलक नगर निवासी परमिंदर सिंह और निलोठी निवासी अमनदीप के रूप में हुई है। उनके कब्जे से पुलिस ने सात मोबाइल, नकदी, वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 27 अगस्त की शाम पुलिस को द्वारका सेक्टर दस स्थित एक स्कूल के पास शिक्षिका से झपटमारी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि दो बाइक सवार झपटमारों ने वारदात की है। पुलिस घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही थी कि इसी बीच पुलिस को सेक्टर-4 द्वारका में एक महिला से पर्स झपटने की सूचना मिली। उप निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सादा वर्दी ने तुरंत शिक्षिका की मोबाइल के लोकेशन के जरिए बदमाशों का पीछा करना शुरू किया। दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम को गुमराह करने के लिए तिलक विहार के पास छिपने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने तलाश जारी रखी और दोनों बदमाशों को दबोच लिया। परमिंदर सिंह तिलक नगर जबकि अमनदीप निहाल विहार थाने का घोषित बदमाश हैं और दोनों पर 30-30 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से 12 मामले सुलझाने का दावा किया है।