दोनों आरोपियों के पास से आठ लाख रुपये का गांजा बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-126 पुलिस ने विदेशी ओजी गांजे के साथ दो तस्करों को रविवार की रात गिरफ्तार किया। वे व्हाट्सएप व अन्य माध्यम से छात्रों को गांजा सप्लाई करते थे। पुलिस ने उनके पास से करीब 500 ग्राम ओजी गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 7 से 8 लाख रुपये है।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-126 की पुलिस ने सूचना पर सेक्टर-94 पुश्ता रोड के पास घेराबंदी कर दोनों को दबोचा। आरोपियों की पहचान कौशांबी, गाजियाबाद निवासी शिवम कुंवर और सदरपुर निवासी नितिन चौहान के रूप में हुई है। गांजे को पैक कर वे पीजी, हॉस्टल और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास रहने वाले छात्रों और युवाओं तक पहुंचाते थे।
आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे और एक होंडा सिटी कार भी मिली है। पुलिस रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।