मेरठ। थाना रेलवे रोड केसर गंज पुलिस चौकी क्षेत्र के मकबरा डिग्गी स्थित मन्नत शादी मंडप में बृहस्पतिवार रात केसर गंज बर्फ खाना निवासी की बेटी की शादी थी। शादी में आए मेहताब निवासी फैसल व फैज में खाने की प्लेट को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान फैज ने तमंचा निकाल लिया और फैसल की तरफ कर दिया। जिससे वहां पर अफरातफरी मच गई। मौजूद लोगों ने दोनों को अलग-अलग कर दिया। पूरी घटना मंडप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी भाग गए। दोनों पक्ष के लोगों को पुलिस थाने ले गई। जहां पर उन्होंने तहरीर देने से मना कर दिया। सीओ कैंट नवीना शुक्ला बताया कि शादी के दौरान दो पक्षों में मारपीट हुई थी। तमंचा निकालने की जानकारी नहीं है। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
घर में घुसकर जमकर मारपीट
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आर्यनगर में मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर निवासी सनी बलियान किराए पर रहता है। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात इस्मद अपने साथियों के साथ उसके घर में घुस आया। आरोपी ने नशे की हालत में उसके कान पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर इस्मद और उसके साथियों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त को भी बेरहमी से पीटा। घायल सनी और उसके साथी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ अभिषेक तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।