फर्जी ट्रेडिंग एप और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए इंजीनियर व गृहणी को बनाया निशाना, साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में ज्यादा मुनाफेका झांसा देकर इंजीनियर समेत दो लोगों से 35 लाख की ठगी कर ली। साइबर जालसाजों ने अलग-अलग तरीके अपनाकर ग्रेटर नोएडा के एक इंजीनियर और नोएडा की महिला को फर्जी निवेश योजना में फंसा लिया। दोनों मामलों में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्रेटर नोएडा निवासी देवेंद्र कुमार दीक्षित पेशे से इंजीनियर हैं। उन्होंने पुलिस से शिकायत की है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में उनके व्हाट्सएप पर शेयर बाजार से जुड़ा एक संदेश आया। बातचीत के दौरान उन्हें एक कथित निवेश प्लेटफॉर्म और ट्रेडिंग एप के बारे में बताया गया। इसके बाद उन्हें निवेश संबंधी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शुरुआती दौर में अच्छा मुनाफा दिखाया गया। इससे बाद उन्होंने करीब 18 लाख रुपये निवेश कर दिए। कुछ समय बाद एप में रकम बढ़ती हुई दिखाई देने लगी। जब उन्होंने मुनाफे के साथ अपनी राशि निकालनी चाही तो ठगों ने टैक्स जमा करने की शर्त रख दी। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय में रकम जमा नहीं करने पर उनका खाता फ्रीज कर दिया जाएगा। पीड़ित ने अतिरिक्त रकम देने से इन्कार किया तो आरोपियों ने सभी संपर्क तोड़ दिए।
वहीं, सेक्टर-121 निवासी ऐश्वर्या को अप्रैल में एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। वहां उन्हें शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश से अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया। आरोपियों ने उनसे एक ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया और शुरुआती निवेश पर बेहतर रिटर्न दिखाकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद महिला ने करीब 17 लाख रुपये निवेश कर दिए। जब उन्होंने अपने खाते से रकम निकालने का प्रयास किया तो निकला। बार-बार टालमटोल और अतिरिक्त भुगतान की मांग होने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि पुलिस ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप ग्रुप, ट्रेडिंग एप और डिजिटल लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
ऐसे बचें निवेश के नाम पर फ्रॉड से
केवल सेबी से पंजीकृत प्लेटफॉर्म पर ही निवेश करें।
व्हाट्सएप, टेलीग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश सलाहकारों पर भरोसा न करें।
किसी एप में दिख रहे मुनाफे को वास्तविक बैंक बैलेंस न मानें।
रकम निकालने के लिए टैक्स, अनलॉक फीस या प्रोसेसिंग चार्ज मांगना साइबर ठगी का सामान्य तरीका है।
किसी भी संदिग्ध निवेश प्रस्ताव की शिकायत तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर करें।