नोएडा। प्राधिकरण ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कलरफुल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड के सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी के दो ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (अधिभोग प्रमाणपत्र) निरस्त कर दिए हैं। ऐेसे में इस प्रोजेक्ट के करीब 400 से ज्यादा फ्लैटों की रजिस्ट्री फिलहाल रुक गई है। सोसाइटी में कुल 12 टावर हैं। जिनमें 1050 फ्लैट हैं। इनमें से करीब 600 की रजिस्ट्री हो चुकी है।
सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण से बिल्डर के अनियमितताओं की शिकायत की थी। जिसमें कहा गया था कि बिल्डर ने प्राधिकरण से पास नक्शे के अलग बेसमेंट में सामान्य पार्किंग के स्थान पर मैकेनिकल पार्किंग का निर्माण करा दिया है। इसके अलावा स्वीकृत नक्शे में उल्लेखित कवर्ड एरिया से अधिक क्षेत्रफल पर निर्माण किया गया है। प्रोजेक्ट के ले-आउट के अनुसार बाह्य विकास कार्य भी नहीं कराया गया है। इसके साथ ही बैरिकेडिंग लगाकर आपातकाल की स्थिति में फायर टेंडर के मूवमेंट के बनाए गए मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है। शिकायत में कहा गया था कि सोसाइटी के टावर संख्या-ए,बी और सी में भूतल पर निर्मित दुकानों के ऊपर प्रथम तल पर बनाए गए आवासीय फ्लैटों में भी अनधिकृत रूप से व्यावसायिक गतिविधि संचालित की जा रही थीं।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि लोगों की शिकायत पर 23 सितंबर 2021 को सोसाइटी का निरीक्षण करके बिल्डर को नोटिस जारी किया गया था । जिसमें नक्शे के अनुसार सभी निर्माण को व्यवस्थित करने को कहा गया था। इसके बावजूद बिल्डर द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसी पर प्राधिकरण ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बिल्डर को 1 दिसंबर 2017 और 24 मई 2018 को जारी किए गए ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट निरस्त कर दिया।
कोट
जिन टावरों के ऊपर व्यावसायिक गतिविधि संचालित किए जाने की बात की जा रही है, वहां दुकानों के ऊपर स्टूडियो फ्लैट बने हैं। जो पूरी तरह से रिहायशी हैं। हम प्राधिकरण के सामने अपना पक्ष रखेंगे। - रमेश अरोड़ा, मेंटेनेंस मैनेजर, अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी