नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यमुना सिटी में सुरक्षा के लिए सेक्टर-18 और सेक्टर-32 में फायर स्टेशन का कमिश्नरेट ने भेजा था प्रस्ताव
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तथा यमुना सिटी में सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दो नए पुलिस फायर स्टेशनों के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। सीएम और कैबिनेट की बैठक में यमुना सिटी के सेक्टर-18 और सेक्टर-32 में दोनों फायर स्टेशन बनाने के लिए मंजूरी मिल गई है।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जल्द ही कॉमर्शियल फ्लाइटों का संचालन शुरू होना है। साथ ही लंबे समय से आपातकालीन परिस्थितियों के लिए यमुना सिटी क्षेत्र में फायर स्टेशनों को बनाए जाने की जरूरत थी। इसे लेकर गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से यमुना सिटी के सेक्टर-18 और सेक्टर-32 में फायर स्टेशनों के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
मुख्यमंत्री के निर्देशन पर उत्तर प्रदेश शासन ने इस प्रस्ताव पर त्वरित संज्ञान लेते हुए यमुना सिटी क्षेत्र के सेक्टर-32 एवं सेक्टर-18 में दो नए पुलिस फायर स्टेशन स्थापित करने के लिए आवश्यक भूमि उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग को हस्तांतरित कर दी है।
दोनों फायर स्टेशनों के निर्माण का कार्य उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। इसके साथ ही फायर स्टेशनों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक मैनपावर की स्वीकृति भी शासन की ओर से प्रदान कर दी गई है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह की पहल और अनुशंसा के परिणामस्वरूप दोनों फायर स्टेशन जिले को मिले हैं।
-
आपातकालीन परिस्थितियों में मिलेगी त्वरित सहायता
पुलिस फायर स्टेशनों के निर्माण व संचालन से कहीं भी आग लगने की घटना या आपात स्थितियों में तेजी से प्रतिक्रियात्मक कार्रवाई संभव होगी। विशेष रूप से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तथा आस-पास के क्षेत्रों में फायर सेफ्टी एवं राहत और बचाव कार्य तेजी से किए जा सकेंगे।