चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरसेना पुलिस चौकी के पास शराब की दुकान में चोरी के बाद टूटी दरवाजे की
चिरैयाकोट। स्थानीय थाना क्षेत्र के सरसेना पुलिस चौकी से 50 मीटर दूर स्थित देशी और कंपोजिट शराब की दुकान में मंगलवार रात चोरी हो गई। दरवाजा की कुंडी काटकर चोर अंदर घुसे, नकदी सहित सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी खोल ले गए। बुधवार सुबह जानकारी होने पर दुकान के मालिकों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सरसेना बाजार में मऊ मार्ग के किनारे सरसेना गांव निवासी प्रदीप सिंह की शराब और उसी मकान में आगे वाले कमरे में पचीस्ता मोलनापुर निवासी अमरजीत यादव कंपोजिट शराब की दुकान है। रोज की तरह रात 10 बजे दोनों दुकानें बंद हो गईं थीं। देशी शराब की दुकान से चोरों ने 42,810 रुपये और कंपोजिट शराब की दुकान से 26 हजार रुपये चुरा लिए। सबूत मिटाने के लिए पहले सीसी कैमरे को निशाना बनाया और तार काटने के बाद अपने साथ कैमरा और डीवीआर भी उठा ले गए। बुधवार सुबह नौ बजे सेल्समैन दुकान खोलने पहुंचा तो चोरी की जानकारी हुई। थानाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।