सरगना के पैर में लगी गोली, कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस अन्य बदमाशों की कर रही तलाश
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने मुठभेड़ में सोमवार रात को वाहन चोरी करने वाले गिरोह के सरगना और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सरगना के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की सेंट्रो कार, नकदी, तमंचा और कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों की पहचान सरगना जोगेंद्र तोमर और दानिश निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस इनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस टीम सोमवार रात को सेक्टर-50 के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की एक कार को टीम ने रुकने का इशारा किया लेकिन बदमाशों ने कार की गति बढ़ा दी। बदमाशों का भागता देख टीम ने पीछा किया। इस दौरान बदमाशों कार रोककर उतर गए और पुलिस टीम पर गोलियां चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें सरगना जोगेंद्र तोमर के पैर में गोली लग गई लेकिन उसका साथी दानिश अंधेरे का फायदा उठाकर उस समय भाग गया। हालांकि, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर करीब बीस मिनट में उसेभी दबोच लिया।
सरगना पर 10 तो साथी पर पांच केस पहले से दर्ज
पूछताछ में पता चला कि बदसाश बरामद कार से ही पहले रेकी करते थे। घायल जोगेंद्र के खिलाफ बुलंदशहर और नोएडा के अलग-अलग थानों में दस केस दर्ज हैं। सरगना पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई है। दानिश के खिलाफ पांच केस अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। दोनों पहले जेल भी जा चुके हैं। पुलिस का दावा है कि सरगना और उसके साथी ने प्रदेश के अलग-अलग शहरों में वाहन चोरी की 50 से अधिक वारदात की है।