निर्वाचन पुनरीक्षण में लापरवाही पर प्राधिकरण के दो कर्मचारी निलंबित
-सौंपे गए फार्म में डिजिटलाइजेशन और पुनरीक्षण कार्य में गड़गड़ी मिलने पर हुई कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। आगामी विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्य में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मचारियों में सहायक मैकेनिक कम ऑपरेटर विश्राम सिंह और कनिष्ठ सहायक नीरज देवी शामिल हैं। दोनों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य में उदासीनता बरतने का दोषी पाया गया है।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक घर-घर गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रह किया जाना था। इसी क्रम में तहसीलदार दादरी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (61-नोएडा विधानसभा) की रिपोर्ट के आधार पर विश्राम सिंह को पर्यवेक्षक और नीरज देवी को बीएलओ के रूप में तैनात किया गया था। लेकिन 26 नवंबर 2025 तक उनकी ओर से सौंपे गए प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन और पुनरीक्षण कार्य में अत्यंत धीमी प्रगति दर्ज की गई। सहायक निर्वाचक अधिकारी की रिपोर्ट में दर्शाया गया है कि उनके कार्यों में सुस्ती के कारण शासकीय प्रक्रिया प्रभावित हुई और निर्वाचन आयोग के स्पष्ट निर्देशों की अवहेलना हुई। रिपोर्ट के आधार पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम ने सहायक मैकेनिक कम ऑपरेटर विश्राम सिंह और कनिष्ठ सहायक नीरज देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। साथ ही सीईओ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा।