हादसों में दो की मौत, परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम
संवाद न्यूज़ एजेंसी
दादरी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में दो अलग अलग स्थानों पर सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक हादसे युवक की मौत से गुस्साएं लोगों ने जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश के भिंड निवासी अखिलेश कुमार गाजियाबाद के बम्हेटा गांव के पास परिवार के साथ रहते हैं। वह मिर्च मसाले हथठेली पर रख गांवों में फेरी लगाकर बेचते हैं। बुधवार को वह बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के सादोपुर की झाल स्थित बुध बाजार से सामान बेचकर करीब 12 बजे वापस अपने घर जा रहे थे। छपरौला गांव भारत धर्म कांटे के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर मृतक के परिजन व आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होने जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक जाम लगने के बाद पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। दूसरी घटना जनपद कासगंज के होडलपुर गांव निवासी राहुल कुमार (25) जारचा कोतवाली क्षेत्र के आनंदपुर गांव स्थित भट्टे पर ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे। बुधवार शाम कोतवाली बादलपुर क्षेत्र के जीटी रोड पर ट्रैक्टर ट्राली लेकर जा रहे थे। जीटी रोड पर मोहन स्वरूप अस्पताल के पास ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में राहुल की मौत हो गई।