जनवरी से अबतक 2,879 मरीजों में कराई डेंगू की एलाइजा जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मानसून की दस्तक के साथ ही मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है। डेंगू के मामलों में भी बढ़ोतरी की आशंका है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े के मुताबिक, जुलाई में अब तक जिले में डेंगू के 2 नए मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इस तरह जनवरी से अब तक जिले में डेंगू के कुल 19 मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन मानसून को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है।
सीएमओ डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि एक से 31 जुलाई तक संचारी रोग अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत घर-घर जाकर संचारी रोग से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। टीम अलग-अलग जगह जाकर घरों के आसपास जलभराव वाले इलाकों में एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग करती है।
जिला मलेरिया अधिकारी श्रुतिकीर्ति वर्मा ने बताया कि दोनों मरीज निजी अस्पताल की जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव पाए गए थे। पहला मरीज जुलाई के पहले और दूसरा मरीज दूसरे सप्ताह में मिला। एक जलपुरा और दूसरा सेक्टर-104 निवासी है।
चाइल्ड पीजीआई व जिला अस्पताल में जांच की सुविधा
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि जनवरी से अबतक जिले में कुल 2,879 मरीजों की डेंगू की एलाइजा जांच हो चुकी हैं। इलाज के लिए आने वाले मरीजों में यदि डेंगू के लक्षण मिलते हैं तब जांच करवाई जाती है। डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट के लिए एलाइजा टेस्ट की रिपोर्ट ही मान्य होती है। यह जांच जिला अस्पताल और चाइल्ड पीजीआई में उपलब्ध है।
बचाव के लिए मुख्य सावधानियां
कूलर, गमलों, पुराने टायरों और छत पर रखे कबाड़ में पानी इकट्ठा न होने दें। कूलर का पानी हफ्ते में कम से कम एक बार जरूर बदलें।
शरीर को पूरी तरह ढंकने वाले कपड़े पहनें।
सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें।
ये हैं मुख्य लक्षण
तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों में दर्द और शरीर पर चकत्ते होना डेंगू के मुख्य लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल में डॉक्टर से संपर्क करें।
कोट
डेंगू से घबराने की जरूरत नहीं, बल्कि सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। अगर अपने आसपास सफाई रखेंगे और पानी जमा नहीं होने देंगे तो डेंगू के मच्छरों को पनपने से रोका जा सकता है।
-डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, सीएमओ, गौतमबुद्ध नगर