40 फीट गहरे गड्ढे में उतरे दो मजदूरों की मौत
नोएडा। सेक्टर-99 स्थित ग्रीन बेल्ट में मोबाइल टावर के लिए खोदे गए 40 फीट गड्ढे में उतरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि एक की जान बच गई। सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान बिहार के खगड़िया निवासी गौतम साहनी (22) और लखीमपुर खीरी के बसखेड़ा निवासी अजयपाल (19) के रूप में हुई है। परिजनों की तहरीर पर दो सुपरवाइजरों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लापरवाही का केस दर्ज किया गया है। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट ने उप श्रमायुक्त को जांच सौंप दी है।
पुलिस ने बताया कि पीएस कंस्ट्रक्शन कंपनी नोएडा में एयरटेल कंपनी के टावर लगवा रही है। बृहस्पतिवार को सेक्टर-99 स्थित सुप्रीम टावर के पास ग्रीन बेल्ट में टावर का बेसमेंट बनाने के लिए गड्डा खोदा जा रहा था। जो कि लगभग 40 फीट तक खोदा जा चुका था। गौतम और अजयपाल तीन साथियों के साथ गड्ढे से मिट्टी बाहर निकाल रहे थे। शाम करीब 4 बजे गौतम और अजयपाल को सुपरवाइजर राजस्थान, अलवर स्थित गांव रैनी निवासी दुलीचंद और दिल्ली के जेजे कॉलोनी माधीपुर निवासी अशोक कुमार ने बिना सुरक्षा उपकरणों के गड्ढे में उतार दिया। इस दौरान दोनों ऊपर नहीं आ सके और बेहोश हो गए। मजदूरों के शोर मचाने पर आननफानन में गौतम का चचेरा भाई नक्षत्रपाल रस्सी बांधकर नीचे उतरा लेकिन कुछ ही दूर जाने पर वह भी बेहोश हो गया। इस पर बाहर खड़े मजदूरों ने उसे बाहर निकाला। तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसे होश आ गया।