संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सीआईए-वन की टीम जगाधरी-व्यासपुर रोड स्थित आइलेट्स सेंटर में 15 मई के फायरिंग मामले में दो बदमाशों को कुरुक्षेत्र जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। यह बदमाश ऊंचा चांदना निवासी हरनीत सिंह भाटिया व अंबाला के गांव पोंटी निवासी इकशान सिंह मेहता हैं।
जांच में सामने आया कि इन दोनों ने सेंटर पर फायरिंग करने वाले बदमाशों को हथियार उपलब्ध कराएं। सीआईए-वन के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि कुरुक्षेत्र के गांव बकाली निवासी कुलदीप सिंह ने तहरीर दी थी कि उनका व्यासपुर में फ्लाइंग कलर्स के नाम से आईलेट्स सेंटर है। तीन माह पहले यह सेंटर खोला गया, जिसमें युवाओं को कोर्स कराया जाता है।
इसके अलावा ओरेन की फ्रेंचाइजी है, जिससे वह अन्य कोर्स कराते हैं। 15 मई की शाम चार बजे नकाबपोश बदमाश सेंटर पर पहुंचा था। उसका एक साथी बाहर बाइक स्टार्ट किए खड़ा था। यह बदमाश कैप लगाए हुए था और गले में परना डाले हुए था। अंदर घुसते ही बदमाश ने पहले रिसेप्शन पर बैठी युवती से कनाडा का वीजा लगवाने के बारे में पूछा। बाद में फायरिंग कर दी।
लगभग 14 राउंड फायर किए। बाद में बाहर बाइक के साथ मौजूद अपने साथी के साथ भाग गया। जांच में सामने आया कि ऊंचा चांदना निवासी हरनीत सिंह भाटिया व अंबाला के गांव पोंटी निवासी इकशान सिंह मेहता ने वारदात अंजाम देने के लिए हथियार मुहैया कराए थे, जिस पर उन्हें कुरुक्षेत्र जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की जा रही है।