दादरी। सेक्टर ज्यू सेकेंड स्थित सूखे नाले से लोहे की सरिया निकालते वक्त पटिया का लिंटर गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई जबकि एक बच्चा घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर डीसीपी, एसीपी और प्रभारी निरीक्षक घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, गांव घोड़ी के पास स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी आकिल (12), गांव घोड़ी निवासी नितेश (11) और अखिलेश मंगलवार शाम सरिया निकालने के लिए सूखे नाले में घुसे थे। इस दौरान नाले के ऊपर लगा लिंटर टूट गया। इस दौरान तीनों दब गए। शोरशराबा होने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस तीनों को अस्पताल ले गई, जहां आकिल और नितेश की मौत हो गई, जबकि अखिलेश का इलाज चल रहा है। नाला ग्रेनो प्राधिकरण का बनाया हुआ है। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार विशनोई का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में लगी है।