ट्यूशन बंक करने पर पिता की डांट के डर से दो नाबालिग भाई घर नहीं पहुंचे। पुलिस को बच्चों के लापता होने की सूचना दी गई। मामला संज्ञान में आने पर एसएसपी अजय सिंह ने जल्द बच्चों को खोजने के निर्देश दिए थे। रातभर खोजने के बाद पुलिस को अगले दिन दोनों भाई दोस्त के घर पर मिले। दोनों को परिजनों को सौंप दिया गया है। कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि क्षेत्र के व्यक्ति ने बाजार चौकी पुलिस को सूचना दी कि शनिवार को उसके 12 और 14 वर्षीय दो भांजे घर से ट्यूशन के लिए निकले थे। दोनों रात तक वापस नहीं लाैटे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी को घटना की जानकारी दी गई। एसएसपी ने दोनों बच्चों को सकुशल ढूंढने के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने रातभर बच्चों के घर से लेकर ट्यूशन सेंटर तक 200 सीसीटीवी कैमराें की फुटेज की जांच की। बच्चों की फोटो और जानकारी थानों के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की गई। रविवार को दोनों बच्चे जीवनगढ़ में ही अपने दोस्त के घर मिले। दोनों ने बताया कि उन्होंने ट्यूशन बंक किया था। पिता की डांट पड़ती, इसलिए दोनों दोस्त के घर चले गए थे। दोस्त ने पिता को फोन करने के लिए कहा तो उन्होंने उसे मना कर दिया।