गुलरिहा। बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित इंद्रा डायग्नोस्टिक सेंटर से रविवार सुबह अज्ञात चोर ने कैश काउंटर से 11700 रुपये चोरी कर लिए। चोरी की पूरी वारदात सेंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कैश काउंटर पर ओमप्रकाश यादव नामक कर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे। बताया गया है कि सुबह करीब 8:40 बजे वह पानी पीने के लिए दूसरे कमरे में गए। इसी दौरान एक अज्ञात युवक कैश काउंटर से नकदी लेकर भाग गया। कुछ देर बाद ओमप्रकाश लौटे तो चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल जानकारी डायग्नोस्टिक सेंटर प्रबंधन और मेडिकल चौकी पुलिस को दी। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की तस्वीरें साफ दिखाई दी हैं। ड्यूटी पर मौजूद कर्मी की लिखित तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।