कंपनी अधिकारी के साथ मारपीट के मामले में अकाउंटेंट समेत दो गिरफ्तार
नोएडा। सेक्टर-136 स्थित कोचिंग देने वाली कंपनी के अधिकारी के साथ मारपीट के मामले में अकाउंटेंट समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली फेज-2 पुलिस ने दोनों को शनिवार को सेक्टर-91 से दबोच लिया।
दिल्ली निवासी राजेश कुमार झा ने पुलिस से मारपीट की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। एसीपी उमेश यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान हापुड़ सिंभावली निवासी चंद्रमोहन सारस्वत व मेरठ खानपुर निवासी हनी बैसला के रूप में हुई है। इनके पास से करीब 50 हजार रुपये नकद, क्रेडिट कार्ड, कार बरामद हुई। बैंक खाते में 2.57 लाख रुपये फ्रीज कराए। पूछताछ में पता चला है कि चंद्रमोहन कंपनी कार्यालय में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। उसका राजेश से पैसे के लेनदेन का विवाद था। रकम नहीं देने पर अकाउंटेंट ने अपने तीन साथियों से संग मिलकर जबरन रुपये लेने की योजना बनाई थी। चंद्रमोहन दो-तीन साथियों संग बुधवार को पार्किंग में पहुंचा था। वहां पर राजेश के रकम नहीं देने पर जबरन कार से निकालकर पीटा था। 60 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए थे जबकि कार में रखे 2.57 लाख रुपये लेकर भाग गए थे। ब्यूरो