दादरी के एक युवक को गृह मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर ढाई लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। थाने में रिपोर्ट दर्ज न करने पर पीड़ित ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की। इसके बाद दादरी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, ठाकुरान मोहल्ला निवासी अर्जुन सिंह ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि लखनऊ निवासी किरण कुमार चंदेल ने उन्हें बेटे की गृह मंत्रालय में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। अर्जुन की परिचित महिला और एक अन्य पुरुष ने भी बातों का समर्थन किया था। किरण ने नौकरी लगवाने की एवज में ढाई लाख रुपये लिए थे। यह रुपये अर्जुन ने ब्याज पर लेकर आरोपी के बैंक खाते में जमा कर दिए थे।
महिला और पुरुष ने नौकरी न लगने पर रुपये वापस दिलाने की गारंटी ली थी। आरोपी ने दिल्ली गृह मंत्रालय में लिपिक पद पर नौकरी का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया था। अर्जुन का आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपी किरण ने फोन उठाना बंद कर दिया। कई अन्य नंबरों पर संपर्क किया तो आरोपी ने रुपये वापस लौटाने से इनकार कर दिया। अर्जुन ने महिला और पुरुष गारंटर से रुपये मांगे तो उन्होंने भी इंकार कर दिया।