आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत कंधरापुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। यह वही आरोपी हैं जिन्होंने इसी वर्ष मार्च में सात वर्षीय बालिका प्रीति निषाद की निर्मम हत्या की थी। जानकारी मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों में गैंग लीडर जनई उर्फ विनय यादव तथा उसका सहयोगी विजय प्रताप निषाद गयासपुर गांव के निवासी हैं। ये दोनों काफी समय से भागे हुए थे।
जानकारी मुताबिक 11 मार्च 2025 को गयासपुर निवासी विजय प्रताप निषाद ने अपनी सात वर्षीय पुत्री प्रीति निषाद की गुमशुदगी की सूचना दी थी। अगले दिन गांव के बाहर उसका शव बरामद हुआ। विवेचना में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि हत्या में बालिका का पिता स्वयं अपने साथियों जनई यादव और सेवक निषाद के साथ शामिल था। पुलिस ने साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तीनों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भंवरनाथ से आगे गोरखपुर मार्ग पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में जनई उर्फ विनय यादव के विरुद्ध पांच मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विजय प्रताप निषाद के विरुद्ध चार मुकदमे दर्ज हैं।