ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने घरों से चोरी करने वाले दो आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अनुज उर्फ पैक बलिये (19) निवासी बुलंदशहर और करन सिंह उर्फ लाली (19) निवासी हरदोई के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से आरओ सिस्टम, गैस गीजर, दो कंबल, 5500 रुपये और एक चाकू बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इकोटेक-3 क्षेत्र स्थित सरस्वती एन्क्लेव निवासी बिनीत कुमार ने मामले में शिकायत दी थी। एसीपी राजीव गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो युवकों को पकड़ा गया। आरोपियों ने 19 जनवरी को सरस्वती एन्क्लेव स्थित एक नवनिर्मित मकान में चोरी की थी। इसके अलावा आरोपियों ने 31 दिसंबर 2025 को सरस्वती एन्क्लेव के ही एक बंद मकान से एलईडी टीवी और काली मोतियों की माला चोरी की थी। ब्यूरो