- ईकोटेक-3 कोतवालसी पुलिस पहले ही चार आरोपियों कर चुकी हैं गिरफ्तार
- अब तक छह आरोपी पुलिस गिरफ्त में, आरोपियों से तमंचे और कारतूस बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। वैदपुरा गांव में कंपनीकर्मी युवक के हत्याकांड में ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए चाचा-भतीजे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच डी-पार्क सर्विस रोड के पास हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान वैदपुरा गांव निवासी हर्ष उर्फ राधे और आरोपी के चाचा जगत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों ने करीब 14 साल पहले हुई हत्या का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस मामले में चार अन्य आरोपी नवीन, अभी उर्फ अभय, आकाश और मोगली उर्फ पवन को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
गांव वेदपुरा के बाहर वैदपुरा गांव निवासी दीपक नागर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने हत्या और षड्यंत्र सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की साजिश, आपसी रंजिश और घटना में इस्तेमाल किए गए अन्य हथियारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं हत्या से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार सुबह करीब 10ः30 बजे शव को वैदपुरा गोल चक्कर पर रखकर प्रदर्शन किया। घटना से नाराज गामीणों के प्रदर्शन से करीब 45 मिनट तक मार्ग बाधित कर रखा। ग्रामीणों ने मांग की आरोपियों का एनकाउंटर करने के साथ उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जाए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से समझाने के बाद परिजन को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन को बताया गया कि दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को राजी हुए।