साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी शाहिद व अनुज। फोटो- पुलिस
- शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 13.30 लाख रुपये की ठगी का मामला, पुलिस अब तक चार आरोपियों को कर चुकी है गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर अपराध थाना मानेसर पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 13.30 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान चरखी दादरी के महराणा गांव निवासी शाहिद (20) और अनुज (21) के रूप में हुई है। दोनों को 25 जुलाई को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से करीब एक लाख रुपये शाहिद के बैंक खाते में आए थे। पूछताछ में शाहिद ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता पांच हजार रुपये में अनुज को बेच दिया था। इसके बाद अनुज ने वही खाता 10 हजार रुपये में दूसरे आरोपी को उपलब्ध कराया, जिसका इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया गया। पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2025 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफे का झांसा देकर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश कराया गया। आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 13.30 लाख रुपये ट्रांसफर कराकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।
कोट-
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। -गौरव फोगाट, एसीपी साइबर अपराध