ट्विन टावर : सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, कई बाधाएं हो सकती हैं दूर
नोएडा। सेक्टर-93ए सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट ट्विन टावर के स्टेटस रिपोर्ट पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। संभव है कि कोर्ट में आज ट्विन टावर के अंतिम ब्लास्ट को लेकर कई बाधाएं दूर हो जाएं। एक ओर जहां एडिफिस इंजीनियरिंग कंपनी इसे 28 अगस्त तक गिराने का प्रयास कर रही है। वहीं सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टिट्यूट (सीबीआरआई) को स्ट्रक्चरल ऑडिट के मामले में अभी अपना पक्ष सामने रखना है।
दरअसल, सुपरटेक को 15 अगस्त तक स्ट्रक्चरल ऑडिट की रिपोर्ट देनी है। बताया जा रहा है कि सीबीआरआई ने अंतिम ब्लास्ट को लेकर अपनी हरी झंडी दे दी है। बावजूद इसके नोएडा प्राधिकरण, सुपरटेक, एडिफिस इंजीनियरिंग और सीबीआरआई एक दूसरे को संतुष्ट करने में लगे हुए हैं। इस मामले में हर एजेंसी एक-एक सवालों को आगे बढ़ा रही है। इससे मामला संशय भरा हो गया है। पहले की योजना के मुताबिक दो अगस्त से ट्विन टावर में विस्फोटक लगाने का काम शुरू 18 अगस्त तक पूरा कर लेना था। दो दिन के निरीक्षण के बाद 21 अगस्त को अंतिम ब्लास्ट की तिथि निर्धारित की गई थी। लेकिन अब जहां 11 अगस्त का समय बीत चुका है और अभी तक पलवल से विस्फोटक नहीं लाया जा सका है। चिंता इसलिए भी है कि एडिफिस इंजीनियरिंग ने प्राधिकरण को लिखे पत्र में साफ कहा है कि अगर 28 अगस्त तक अंतिम ब्लास्ट नहीं किया जाएगा तो फिर उसकी सहयोग संस्था जेट डिमोलिशन के पास नवंबर से पहले इसके लिए समय नहीं है। यही नहीं एजेंसी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि अगर अंतिम ब्लास्ट जल्दी नहीं होता है तो इस इमारत से खतरा पैदा होगा क्योंकि यह इमारत काफी कमजोर हो गई है और यह किसी ओर गिर सकती है। इसके अलावा अंतिम ब्लास्ट के लिए की गई व्यवस्था भी खराब होगी। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि आज सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट पर सुनवाई के बाद स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगी।