प्रतापनगर। कलेसर-लालढांग मार्ग पर ट्रक फंसने से देर शाम को लंबा जाम लग गया। ऐसे में दो घंटे तक वाहन फंसे रहे। लालढांग के पास एक भारी ट्रक अचानक सड़क के बीच फंस गया, जिसके चलते दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रुक गई। शाम का समय होने के कारण यातायात का दबाव अधिक था और देखते ही देखते सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए।
कई लोग अपनी गाड़ियों से उतरकर पैदल ही रास्ता पार करने को मजबूर हो गए। कुछ यात्रियों ने बताया कि यह पहली बार नहीं हुआ है, बल्कि इस मार्ग पर जाम लगना आम बात हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की चौड़ाई बेहद कम है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के मौसम में सड़क की हालत और भी खराब हो जाती है।
कलेसर से लालढांग तक का यह मार्ग उत्तराखंड और हरियाणा को जोड़ता है, जिस पर रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। लोगों ने कई बार प्रशासन और सरकार से सड़क चौड़ी करने व मरम्मत की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने बताया कि संकरी सड़क के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, परंतु संबंधित विभाग इस दिशा में गंभीर नहीं दिखाई दे रहे।