लालकुंआ पर ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त कार। संवाद
डासना। वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत लाल कुआं जीटी रोड पर नशे में धुत ट्रक चालक ने कई वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसमें कई लोग घायल हो गए। आरोपी चालक के खिलाफ वेव सिटी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लाल कुआं क्षेत्र के जीटी रोड पर बीते गुरुवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार रात करीब 7:40 बजे कृष्णा डेरी के पास तेज रफ्तार ट्रक चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार, बाइक और ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अरुण कुमार निवासी सादोपुर लाल कुआं अपनी कार को जीटी रोड पर साइड में खड़ी की थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने लापरवाही से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक ने आगे बढ़ते हुए एक बाइक में भी पीछे से टक्कर मारी, जिससे बाइक चालक रजत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा ट्रक चालक ने आगे जा रहे ई-रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में ई-रिक्शा चालक वीरेश कुमार निवासी सूर्य सिटी छपरौला, प्रभावती देवी और उनकी बेटी योमिता यादव निवासी चरनी विहार छपरौला गौतमबुद्धनगर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के वक्त ट्रक चालक नशे की हालत में था। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। घटना की तहरीर पुलिस को कार चालक अरुण कुमार पुत्र किरन पाल निवासी सादोपुर बादलपुर गौतमबुद्धनगर ने ट्रक नं के चालक नाम पता अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज निकालकर आरोपी ट्रक चालक की पहचान करके कार्रवाई की जाएगी।