संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। कुरालसी गांव का ट्रांसफार्मर फुंकने से गांव के चिंतपूर्णी शाकंभरी देवी मंदिर तथा मेले की आपूर्ति ठप हो गई। मंदिर व मेले की आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों व श्रद्धालुओं में रोष फैल गया। घटना की सूचना पर रालोद विधायक ने एक्सईएन से वार्ता की। आरोप है कि एक्सईएन ने विधायक की बात को अनसुना कर दिया। घटना से नाराज रालोद कार्यकर्ताओं व कुरालसी गांव के ग्रामीणों ने एक्सईएन कार्यालय पर धरना दिया तथा उन्हें अपने बीच बैठाया।
तहसील क्षेत्र के गांव कुरालसी मेले व मंदिर को बिजली की आपूर्ति देने वाला ट्रांसफार्मर रविवार को फुंक गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से मेले व मंदिर की आपूर्ति ठप हो गई। घटना की सूचना पर रालोद विधायक व नेता विधान मंडल दल राजपाल बालियान ने बुढ़ाना एक्सईएन से वार्ता की।इसके बाद भी आपूर्ति चालू न होने से कुरालसी गांव के ग्रामीणों व रालोद कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया।
सोमवार को दर्जनाें की संख्या में ग्रामीण व रालोद नेता एक्सईएन कार्यालय पहुंचे। रोलाद के राष्ट्रीय संयोजक सुधीर भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने एक्सईएन अजीत सिंह यादव को अपने बीच बैठा लिया।
घंटों मशक्कत के बाद कुरालसी मेले व मंदिर की आपूर्ति चालू हुई। लोई गांव के ट्रांसफार्मर की समस्या का भी समाधान हुआ। आरोपी जेई के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य गज्जू पठान, राहुल, सकुल सहरावत, सुरेंद्र सहरावत, मुकेश मलिक व संयम पंवार आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेंद्र सहरावत तथा संचालन मुकेश मलिक ने किया।