बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए एंबुलेंस कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू
नोएडा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 108 एंबुलेंस कर्मियों का उन्नत प्रशिक्षण अलीगढ़ में शुरू हो गया है। प्रशिक्षण के पहले चरण में जिले से सात एंबुलेंस कर्मियों को भेजा गया है, जबकि शेष कर्मियों को दूसरे चरण में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।
जिला प्रभारी सत्यवीर सिंह और प्रोग्राम मैनेजर सुनील कुमार ने बताया, प्रशिक्षण का मकसद आपात स्थितियों में सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है, ताकि मरीजों को समय पर और कुशल चिकित्सा सहायता मिल सके। इससे पूर्व जिला स्तर पर भी प्रशिक्षण आयोजित किया गया था, लेकिन अब मंडल स्तर पर विस्तृत व उन्नत मॉड्यूल के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें प्राथमिक उपचार, आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, मरीज को सुरक्षित स्थानांतरित करने की तकनीक का प्रशिक्षण शामिल है।