जेवर कोतवाली क्षेत्र के दस्तमपुर गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक में हादसा हो गया। ईंटों से लदे एक ट्रैक्टर ने एक चार वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिसमें उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लेकिन मौका पाते ही ट्रैक्टर चालक ईंटो से लदी ट्रैक्टर और ट्रॉली को घटनास्थल पर ही छोड़ कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम के शव को बरामद कर उसे पंचनामा के लिए भेजा, लेकिन बच्ची के परिजन ने पोस्टमार्टम के लिए मना कर दिया। परिजनों ने आनन-फानन में बच्ची के शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। बच्ची की पहचान दस्तमपुर गांव निवासी टीसा (4) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची के पिता दानवीर किसान अपने परिवार के साथ दस्तमपुर गांव में रहते हैं। रविवार को उनकी पुत्री टीसा घर से बार एक खेत के पास खेल रही थी। तभी ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली आती है और मासूम को कुचल देती है। यह दृश्य देखकर घटनास्थल पर चीख-पुकार मच जाती है। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के नीचे आने पर बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जब परिजन को बच्ची की मौत की सूचना मिली, तो घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के लिए सारी औपचारिकताएं पूरी की, लेकिन परिजन ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों ने भी परिजन के शव का पोस्टमार्टम के लिए कई बार कहा, लेकिन उन्होंने किसी की भी बात नहीं मानी। वहीं, पुलिस ने ईंटों से से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर फरार आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। जेवर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर परिजन की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी गई है, परिजन की शिकायत के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।