जिन चौराहे पर सीसीटवी कैमरे वहां तैनात नहीं है ट्रैफिककर्मी
- वीआईपी ड्यूटी में तैनात हुई जिले की ट्रैफिक पुलिस, सीसीटीवी से संभाल रहे यातायात व्यवस्था
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा में तैनात जिले का ट्रैफिक पुलिस बल की डयूटी बुलंदशहर में पीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम में लगाई जाएगी। इन सबके बीच जिले में फिलहाल केवल एक चौथाई ट्रैफिक कर्मी ही मौजूद हैं, जिनके कंधों पर लाखों वाहनों के सुगम यातायात की जिम्मेदारी है। ऐसे में यातायात विभाग की ऑनलाइन माध्यम यानि सीसीटीवी कैमरे पर निर्भरता बढ़ गई है। सोमवार को यातायात विभाग ने अपने कर्मियों की ड्यूटी उन्हीं चौराहों पर लगाई जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए हैं।
अयोध्या में जिले के करीब 250 यातायात कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। वहां से यातायात पुलिस अभी तक लौटे नहीं हैं। इनके एक-दो दिनों में आने की संभावना है। वहीं 25 जनवरी को प्रधानमंत्री का पड़ोसी जिले बुलंदशहर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। गौतमबुद्ध नगर के स्थानीय पुलिस के साथ करीब 100 यातायात कर्मियों की ड्यूटी भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लगाई गई है। जिले में करीब 450 ट्रैफिक कर्मी हैं।
वीआईपी ड्यूटी की वजह से जिले में फिलहाल एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर है। सोमवार को शहर के प्रमुख एंट्री प्वाइंट व भीड़भाड़ वाले बाजारों के आसपास डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव व एसीपी यातायात राजीव गुप्ता ट्रैफिक व्यवस्था का आंकलन करते हुए दिखाई दिए। दोनों अधिकारियों का कहना है कि यातायात कर्मियों की कमी के कारण जिन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की मदद से इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रुम से निगरानी की जा रही है। जहां सीसीटीवी नहीं लगे हैं, वहां ट्रैफिककर्मियों को तैनात किया गया है।
पीएम, सीएम की रैली के लिए सड़क मार्ग का निरीक्षण
ग्रेटर नोएडा/ रबूपुरा (संवाद)। बुलंदशहर के सिकंद्राबाद में 25 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सोमवार को नोएडा से जनसभा स्थल तक निरीक्षण किया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ग्रेटर नोएडा से रबूपुरा होकर बुलंदशहर जाने वाले रास्ते का जायजा लिया। पुलिस आयुक्त रबूपुरा कोतवाली पहुंची और वहां अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और सड़क मार्ग की तैयारियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। ग्रेटर नोएडा यमुना एक्सप्रेस वे से बुलंदशहर तक का रास्ता करीब 60 किमी का है। इसमें कुछ जगह सड़क सकरी भी है।