गाजियाबाद। सड़कों पर होने वाले अतिक्रमण के खिलाफ यातायात पुलिस और नगर निगम ने बृहस्पतिवार को संयुक्त रूप से अभियान चलाया। टीमों ने कई स्थानों पर सड़कों से अतिक्रमण हटवाकर दुकानदारों को चेतावनी दी।
एडीसीपी यातायात सच्चिदानंद ने बताया कि बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस और नगर पालिका की टीम ने संयुक्त रूप से मालीवाड़ा चौराहा से रमते राम रोड स्थित दिल्ली जूस कॉर्नर तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान 20 से अधिक दुकानों के सामने से सामान हटवाया गया। इसके साथ वैशाली सेक्टर तीन एवं लोनी तिराहा से गाजियाबाद आने वाले मार्गों पर अभियान चलाकर फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। बताया कि प्रत्येक बृहस्पतिवार को संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।