माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एयरपोर्ट के लोकार्पण कार्यक्रम खत्म होते ही परिसर में जाम लग गया। तेज धूप में लोग घंटों फंसे रहे। निकासी की व्यवस्था सुगम न होने से परिसर में ही लोग चक्कर काटते रहे। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी सुबह और दोपहर के समय जाम की स्थिति बनी रही जबकि जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस तैनात थी।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे वीवीआईपी के गुजरने के लिए तय किया गया था। सुबह के समय आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए कई लोग इसी के जरिये जाने पर अड़ गए। इस वजह से यमुना एक्सप्रेसवे पर जाम के हालात बन गए। इसके अलावा परी चौक पर भी वाहन रुक-रुक कर गुजरे। नोएडा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वॉइंट पर भी वाहन रेंगते रहे। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग करके वाहनों को रोका गया। नोएडा में भी राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल, सेक्टर-18 समेत अन्य स्थानों पर जाम के हालात बने।
जाम में फंसने के कारण कार्यक्रम में पहुंचने में देरी हो गई। काफी देर जाम में परेशान होना पड़ा। -पनवेश्री, दनकौर
एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए जगह-जगह जाम में फंसना पड़ा। यातायात व्यवस्था खराब रही। -पूनम, दनकौर