नोएडा। ट्रांसपोर्टरों ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर रामरतन सिंह पर चेकिंग के नाम पर वाहनों से अवैध वसूली का आरोप लगाया है। ट्रांसपोर्टरों ने डीसीपी ट्रैफिक गणेश प्रसाद साहा से मिलकर टीआई की शिकायत की है। डीसीपी ने मामले की जांच एसीपी मुख्यालय को सौंपी है।
महेश यादव के नेतृत्व में कई ट्रांसपोर्टर डीसीपी से मिलने सेक्टर-14ए स्थित ट्रैफिक कंट्रोल रूम पहुंचे। ट्रांसपोर्टरों ने आरोप लगाया कि टीआई के रवैये से परेशानी हो रही है। बिना गलती वाहनों को रोककर चालान कर रहे हैं। चालान नहीं करने की एवज में अवैध वसूली की जा रही है। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि टीआई की मनमानी जारी रही तो काम बंद करके वाहनों की चाबियां डीसीपी कार्यालय में जमा करा देंगे। डीसीपी ने बताया कि एसीपी मुख्यालय को मामले की जांच सौंपी है। इससे पहले सूरजपुर में तैनाती के दौरान ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही ने वीडियो बनाकर टीआई पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। सिपाही ने ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्स एप ग्रुप में वीडियो वायरल किया था, इस ग्रुप में अधिकारी भी जुड़े हैं। डीसीपी ट्रैफिक ने मामले की जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद सिपाही को ही निलंबित कर दिया गया था। बाद में एक ऑडियो वायरल हुआ था, इसमें टीआई पर ऑटो चालक को गालियां देने का आरोप लगा था। मामले की जांच एसीपी ट्रैफिक को सौंपी गई थी।