नोएडा से दिल्ली आने वाले वाहन चालकों को चिल्ला बॉर्डर, नोएडा मोड़ और डीएनडी से जाने की सलाह
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। ईस्ट एंड अपार्टमेंट के समीप सीवर लाइन के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य के चलते न्यू अशोक नगर मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया गया है। दिल्ली जल बोर्ड के इस कार्य को देखते हुए यातायात पुलिस ने नोएडा सेक्टर-15 गोलचक्कर और सराय चौक की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं।
यातायात पुलिस की गाइडलाइन के अनुसार, नोएडा से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहन चालक चिल्ला बॉर्डर या नोएडा मोड़ का रास्ता अपना सकते हैं। इसके अलावा डीएनडी, मयूर विहार फेज-3 और कोंडली मार्ग से भी गंतव्य तक पहुंचा जा सकता है।
मार्ग परिवर्तन के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए प्रमुख स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि असुविधा और जाम से बचने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी ले लें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।