ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर घंटा चौक पर चेकिंग के दौरान आगे और पीछे से नंबर प्लेट ढकी क्रेटा कार का चालान करने पर कार सवार का ट्रैफिक कांस्टेबल से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद युवक ने इंस्पेक्टर पिता (प्रभारी नॉलेज पार्क कोतवाली) को फोन कर दिया। इसके बाद युवक के इंस्पेक्टर पिता मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। मामले के बाद कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है। आरोप है कि कांस्टेबल को वरिष्ठ अधिकारियों से अभद्रता के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है। एडीसीपी ट्रैफिक की ओर से की मामले की जांच की जा रही है।
हेड कांस्टेबल नकुल 16 नवंबर की शाम सूरजपुर घंटा चौक पर तैनात थे। इसी दौरान यामाहा तिराहा की तरफ से आ रही हुंडई क्रेटा कार को रुकने का इशारा किया गया। कार रुकने पर उसकी आगे और पीछे की दोनों नंबर प्लेट ढकी हुई थीं। चालक को गाड़ी से बाहर आने के लिए कहा गया, लेकिन वह बाहर नहीं आया। इसके बाद यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर कार का चालान कर दिया गया। कार ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में प्रतिबंधित श्रेणी की बीएस-4 डीजल गाड़ी थी और इससे पहले भी उसका चालान हो चुका था।
कार्रवाई से नाराज युवक ने अपने इंस्पेक्टर पिता को फोन किया। इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। इस दौरान एसओजी टीम को भी बुलाया गया। इस दौरान कांस्टेबल ने घटना की जानकारी टीआई और टीएसआई को दी। बावजूद इंस्पेक्टर की ओर से कांस्टेबल के साथ अभद्रता की गई। आरोप है कि गाड़ी में बैठे युवक और उसके परिवार की पहचान की जानकारी नहीं थी। बावजूद बाद में डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय बुलाकर लाइन हाजिर कर दिया। वहीं इंस्पेक्टर विनोद कुमार का कहना है कि पुत्र गाड़ी लेकर गया था। नियमों का उल्लंघन में ट्रैफिक पुलिस की ओर से कार का 30 हजार रुपये का चालान किया गया है। कांस्टेबल से अभद्रता के आरोप निराधार है।
सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो
सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि घंटा चौक पर एक युवक खड़ा है। उसके पास क्रेटा कार खड़ी है। क्रेटा कार के पीछे की नंबर प्लेट सफेद कागज से ढकी हुई है। जबकि आगे की नंबर प्लेट भी सफेद कागज से चिपकी हुई दिखाई दे रही है। वहीं पीछे से एक व्यक्ति की आवाज आ रही है। जिसमें वह यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि नंबर प्लेट पर कागज चिपकाकर चला जा रहा है। गाड़ी को एसएचओ नॉलेज पार्क की बताया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों की बात नहीं मानने का आरोप
जानकारी के मुताबिक घटना सामने आने के बाद डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय की ओर से कांस्टेबल और इंस्पेक्टर को कार्यालय पूछताछ के लिए बुलाया गया गया था। जहां कांस्टेबल की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों की बात को भी अनसुना किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की बात नहीं मानने पर ही कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है।
एसओजी टीम की गाड़ियों पर होती हैं ढकी नंबर प्लेट
पुलिस की ओर से अपराधियों की धरपकड़ और गोपनीय कार्रवाई के दौरान कई बार ऐसी गाड़ियों का इस्तेमाल किया जाता है। जिनकी नंबर प्लेट ढकी होती है। विशेष रूप से थानों की एसओजी टीम इन वाहनों का उपयोग करती है, ताकि अपराधियों को गाड़ी और उसके नंबर की जानकारी न हो सके। बताया गया कि इंस्पेक्टर का बेटा आवश्यक काम से कार लेकर गया था।
कांस्टेबल को फिलहाल निलंबित किया गया है। मामले की जांच एडीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह को सौंपी गई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
-सैय्यद अली अब्बास, डीसीपी ट्रैफिक