माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए बन रहा जगनपुर अफजलपुर इंटरचेंज 30 सितंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। यहां 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव ने अधिकारियों से 15 अक्तूबर से ट्रैफिक शुरू करने के लिए कहा है। बुधवार को एनएचएआई के चेयरमैन ने इंटरचेंज के काम का निरीक्षण किया। यमुना प्राधिकरण के एसीईओ मनीष मीणा और जीएम प्रोजेक्ट राजेंद्र भाटी के साथ उन्होंने यहां काम की प्रगति पर जानकारी ली।
नोएडा एयरपोर्ट को गाजियाबाद, गुरुग्राम, पलवल, मेरठ, दिल्ली से ईपीई के जरिए जोड़ने के लिए यह इंटरचेंज महत्वपूर्ण है। इससे सीधे एयरपोर्ट जहां पहुंचा जा सकेगा। वहीं यमुना एक्सप्रेसवे से आगरा और नोएडा से भी कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। एनएचएआई चेयरमैन ने इस बीच निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों से कहा। इस इंटरचेंज का उपयोग करने वालों को सुखद अहसास होना चाहिए। इसके लिए जरूरी हरियाली और अन्य कलाकृतियों का उपयोग भी यहां कराएं।