बारिश के आगे धुले ट्रैफिक और विद्युत निगम के वादे
-कालिंदी कुंज से लेकर शहर के कई अंडरपास में लगा जाम, घंटों रेंगते रहे वाहन
-कई सेक्टरों में घंटों गुल रही बिजली व्यवस्था
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में मंगलवार को दोपहर से शुरू हुई बारिश साथ ही ट्रैफिक और विद्युत निगम के दावे भी धुल गए। लोगों को घंटों जाम में जूझना पड़ा। वहीं बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। इस बीच लोगों का गुस्सा सोशल मीडिया पर भी फूटा।
सेक्टर-100, 57 समेत कई चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल ने काम करना बंद कर दिया। ऐसे में जाम की स्थिति बन गई। कालिंदी कुंज से नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे व महामाया फ्लाइओवर से डीएनडी के रास्ते दिल्ली जाते वक्त वाहन देर शाम तक रेंगते रहे। नोएडा-ग्रेनोे एक्सप्रेसवे पर पड़ने वाले अधिकतर अंडरपास समेत सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर, सेक्टर-70 समेत अन्य अंडरपास में जाम लगा रहा। सेक्टर-62 लेबर चौक समेत हरौला जैसे इलाकों में जलभराव के चलते कई वाहन खराब हो गए। जाम पर काबू पाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
घंटों बिजली गुल से नाराज सेक्टवासियों का सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
सेक्टर-73, सेक्टर-72, 119, 122, 52, 141, 145, गढ़ी शहदरा, सेक्टर-105, 12-22, सेक्टर-21 समेत अन्य सेक्टरों में घंटों बिजली गुल रही। कई जगह ट्रांसफॉर्मर फुंक गए। कई जगह बिजलीघर व ट्रांसफारमरों के आसपास जलभराव से आपूर्ति प्रभावित रही।