बोले- चालान कटने के कारण ग्राहक हो रहे कम, जल्द समाधान निकाले प्रशासन
अमर उजाला संवाद में व्यापारियों ने रखी समस्याएं
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर मार्केट की वर्षों पुरानी पार्किंग की समस्या अब दिनों दिन बढ़ती जा रही है। पार्किंग की कमी और तेजी से बढ़ता ट्रैफिक अव्यवस्था का कारण बनता जा रहा है। व्यापारियों का कहना है कि इतना तो मुनाफा भी नहीं होता जितने का चालान कट जाता है। वहीं, पार्किंग न होने से ग्राहक भी परेशान होते है। इसलिए वह अन्य मार्केट की तरफ रुख करने लगे हैं। व्यापारियों ने पार्किंग की समस्या का हल निकालने की मांग की है।
होशियारपुर मार्केट में बुधवार को अमर उजाला संवाद का आयोजन किया गया। व्यापारियों ने समस्याएं बताते हुए कहा कि अधिकारियों को शिकायत देते देते परेशान हो गए हैं लेकिन रोजाना होने वाले चालान की परेशानी आज तक कम नहीं हुई। यह समस्या वर्षों से बरकरार है और समय के साथ बढ़ते वाहनों के लोड से व्यवस्था और भी चरमराती जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि पार्किंग व्यवस्था नहीं है। इस कारण व्यापारी और ग्राहक अपने वाहन कहां खड़े ये न तो खुद अधिकारी तय कर पा रहे हैं और न ही कोई पार्किंग की व्यवस्था बन पा रही है।
यदि व्यापारी या ग्राहक वाहन को फुटपाथ से सटाकर खड़ा कर भी दे तो थोड़ी देर में ही ट्रैफिक पुलिस की ओर से चालान काट दिया जाता है। ऐसे में ग्राहक भी अब बोलने लगे हैं कि जितने का सामान लेने आओ, उससे ज्यादा का चालान कट जाता है। व्यापारियों का कहना है कि एक बार ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने रोड किनारे सटाकर वाहन खड़ा करने की अनुमति दी थी लेकिन इसका कोई दस्तावेज या लिखित में नहीं दिया गया। व्यापारियों की मांग है कि या तो पार्किंग स्थल दिया जाए, या फिर एक परिधि खींच दी जाए, जहां पर खड़े वाहनों के चालान न हो, ताकि उन्हें और ग्राहक दोनों को राहत मिल सके।
-
रोजाना कई वाहनों के चालान होते हैं, इससे ग्राहक भी कम हो रहे हैं। अब वह कहने लगे हैं कि सामान के दाम से ज्यादा चालान चुकाना पड़ जाता है। - चंद्रपाल बंसल
हमने कई बार अधिकारियों के समक्ष शिकायत रखी, लेकिन उसका कोई खास असर अब तक नहीं हुआ। जल्द इसका समाधान निकालना जरूरी है। - विकास जैन
गांव से निकलने वाले कूड़े को दुकानों के सामने इकट्ठा कर दिया जाता है, जिसकी दुर्गंध से लोगों को परेशानी होती है। कई बार लंबे समय तक नहीं उठता। - नईम खान
हम चाहते हैं कि एक बार ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी व्यापारियों संग संवाद करें, ताकि सभी व्यापारियों के बीच आपसी तालमेल बने और एक राय पर सहमत हों। - परवीन गर्ग
रोड पहले से ही संकरी है, यूटर्न छोट किया गया है, लेकिन उसे और सही किया जाए या फिर उसे बंद करके आगे नया यूटर्न बनाया जाए। - यश मित्तल
अगर बाजार की नियमित सफाई हो तो बाजार चमक उठे। कर्मचारियों की हड़ताल होने पर हालात और अधिक खराब हो जाते है। - पंकज शर्मा
-
ऋषभ