किसानों को मंडी तक पहुंचने में हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर की अनाज मंडी में अवैध पार्किंग को लेकर बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने रोष प्रकट किया। मंडी परिसर और उसके आसपास खड़े किए गए वाहनों के कारण किसानों को अपनी उपज मंडी तक लाने में परेशानी हो रही है जिस वजह से व्यापारी नाराज हैं।
जेवर की अनाज मंडी के व्यापारियों का कहना है कि मंडी में अवैध पार्किंग और जाम के कारण खरीदार व विक्रेता दोनों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। इससे न सिर्फ व्यापार प्रभावित हो रहा है बल्कि किसानों की उपज समय पर तौलने और बेचने में भी बाधा आ रही है।
—-
किसानों की बढ़ी चिंता
किसानों ने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों को मंडी तक लाना मुश्किल हो गया है। कई बार जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। व्यापारियों और किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि अनाज मंडी में अवैध पार्किंग पर तुरंत रोक लगाई जाए और मंडी परिसर में सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।