दनकौर। दनकौर के बागपुर गांव में छात्र को घायल करने के आरोप में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ चार माह बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए छात्र को टक्कर मार दी थी, जिससे उसका पैर कट गया था। बागपुर गांव निवासी नवीन ने पुलिस को बताया कि 15 जनवरी को उनका बेटा आयुष घर लौट रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद उसकी जान बचाने के लिए उसका दाहिना पैर काटना पड़ा था। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।