गलत दिशा से वाहन निकालने पर टोल मैनेजर को पीटा
दबंगों ने लुहारली टोल प्लाजा पर की वारदात, सीसीटीवी कैमरे में कैद
15-20 मिनट तक बिना टोल दिए निकले वाहन, तीन युवक हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। लुहारली टोल प्लाजा पर गलत दिशा से कार निकालने का विरोध करने पर दबंगों ने टोल मैनेजर की पिटाई कर दी। इसके बाद टोल फ्री करा दिया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत पर पुलिस तीन युवकों को हिरासत में लेकर छानबीन कर रही है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को नंगला नैनसुख और लुहारली गांव के प्रवेंदर भाटी और मोहित भाटी समेत कई लोग टोल प्लाजा पर गलत दिशा से गाड़ी निकाल रहे थे। टोल मैनेजर के विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और टोल बूम को तोड़कर बैरियर हटा दिया। इसके बाद 15-20 मिनट तक वाहनों को टोल फ्री करा दिया। विरोध पर आरोपियों ने टोल मैनेजर की पिटाई कर दी। दबंगों ने टोल पर तैनात महिला कर्मचारियों से भी अभद्रता की।
टोल मैनेजर रजनीश द्विवेदी का कहना है कि दंबग आए दिन वाहनों को निशुल्क निकाले हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है। कई बार पुलिस से शिकायत की है, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई है। अब पुलिस आयुक्त से शिकायत की जाएगी। एसीपी रमेश पांडे का कहना है कि टोल पर पिटाई करने के मामले में तीन युवकों को हिरासत लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।