फेज-2 का जलभराव दूर करने को बनेंगे तीन संपवेल
-प्राधिकरण अधिकारियों ने निरीक्षण कर बनाई योजना, नाला सफाई सही से न होने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव को दूर करने के लिए तीन संपवेल बनाए जाएंगे। प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक अधिकारियों व इंजीनियरों के निरीक्षण में सामने आया है कि सिंचाई नाले का जलस्तर बढ़ जाता है। इससे पानी का उल्टा बहाव औद्योगिक क्षेत्र में चला जाता है। इनमें फेज-2, सेक्टर-80, 81, 83, 88, सैमसंग, ड्रोन कंपनी, सीएंडएस इलेक्ट्रिकल और होजरी कॉम्प्लेक्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं। ऐसे में इन इकाइयों के कर्मचारियों व प्रबंधन को समस्या होती है। संपवेल के लिए एनएसईजेड सिंचाई नाले के समीप, सीएंडएस इलेक्ट्रिकल कंपनी के पास (टीसीएस के सामने रिक्त भूमि पर) और होजरी कॉम्प्लेक्स (ब्लॉक-ए) में एसपीएस सिंचाई नाले के पास जमीन चिह्नित की गई है। निरीक्षण के दौरान मौजूद सलाहकार को इन जगहों पर संपवेल की परियोजना का प्रारूप तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण करुणेश ने बताया कि संपवेल बनाने का काम जल्द शुरू कराया जाएगा। इसके साथ ही साफ-सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में आई शिकायतों के बाद लगा जुर्माना
प्राधिकरण की जनसुनवाई में सफाई संबंधी शिकायतें पहुंची थीं। इसके बाद प्राधिकरण अधिकारियों ने वर्क सर्किल-7 के ग्राम याकूबपुर और सेक्टर-83 (औद्योगिक क्षेत्र) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में मुख्य नालों में अत्यधिक गाद और तैरता हुआ कचरा मिला। इससे पानी की निकासी बाधित हो रही थी। अधिकारियों ने संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक और ठेकेदार को तुरंत नालों की सफाई के कड़े निर्देश दिए। याकूबपुर गांव के नालों की उचित सफाई नहीं मिली। इस पर ठेकेदार पर 1 लाख रुपये का अर्थदंड प्रस्तावित किया गया है।