प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को रिठौरी गांव निवासी करण पुत्र सतबीर और अनीष पुत्र समसुद्दीन बाइक से जा रहे थे। दोनों दादरी की तरफ से अपने घर की ओर जा रहे थे। अजायबपुर रेलवे फ्लाईओवर पर पहुंचने के दौरान एक ब्रेजा कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद वह सड़क पर गिर गए। इस दौरान डंपर की चपेट में आ गए। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने करण को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनीष का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने लगाया जाम, डंपर में तोड़फोड़
हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने फ्लाईओवर पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। ग्रामीणों द्वारा डंपर में तोड़फोड़ किए जाने की सूचना भी सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल डंपर चालक की तलाश की जा रही है। घटना की जांच के साथ अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम से संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है। मृतक छात्र के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है।