पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, कार सवार तीन लोग घायल
हरिद्वार से फरीदाबाद जा रहे थे कार सवार युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र में पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर ट्रक की टक्कर से कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये लोग हरिद्वार से फरीदाबाद जा रहे थे। घायलों का अलग-अलग अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने कार व ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपी ट्रक चालक की तलाश में लगी है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि कार सवार फरीदाबाद के खेड़ीपुर गांव निवासी लोकेश, छांयसा निवासी गौतम, हरविंदर, कुलदीप, कोसी कला के सुरवारी गांव निवासी गौरव और ललित हरिद्वार से फरीदाबाद लौट रहे थे। वह दादरी कोतवाली क्षेत्र में पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पहुंचे तो उनकी कार और ट्रक की टक्कर हो गई। कार को लोकेश चला रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सभी लोग उसमें फंस गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन व हाइड्रा की मदद से कार को काट काटकर लोगों को बाहर निकाला। कार चालक लोकेश, गौरव और गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। हरविंदर, कुलदीप और ललित गंभीर रूप से घायल हो गए। लोकेश कैब चलाता था। गौरव आइसक्रीम कंपनी में नौकरी करता था। वहीं, गौतम निजी कंपनी में नौकरी करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ट्रक और कार को कब्जे में ले लिया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में लगी है।