ग्रेटर नोएडा की सेक्टर-130 मीटर रोड पर ओमिक्रॉन-दो के समीप रविवार तड़के तेज रफ्तार रेंज रोवर डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार घायलों की हालत स्थिर है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक कार सवार लोग ग्रेनो वेस्ट से सेक्टर-130 मीटर रोड होते हुए दादरी की ओर जा रहे थे। ओमिक्रॉन के पास कार डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे का पहिया निकल गया, जबकि बंपर भी टूट गया।
गनीमत रही कि कार के एयरबैग खुलने से सवार लोगों को ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन घायलों को अस्पताल ले गए। हालांकि पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी गई। दादरी कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की कोई जानकारी नहीं मिली है।