नंदगंज की खबर में--मृतक धर्मेंद्र यादव की फाइल फोटो । स्रोत- परिजन
गाजीपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शनिवार की देर रात वाहन के धक्के से ऑटो चालक समेत तीन की मौत हो गई। पैदल जा रहे महराजगंज बिंदपुरवा गांव निवासी धर्मेंद्र यादव (40) की अज्ञात वाहन, बाइक सवार उत्तमपुर गांव निवासी सुशांत कुमार सिंह (29) की आलू लदे डीसीएम की टक्कर और बाइक सवार यूसुफपुर गांव निवासी सात्विक दुबे उर्फ हर्ष (12) की ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस वाहनों को चिह्नित करने और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
नंदगंज :
महराजगंज बिंदपुरवा गांव निवासी रामदेव यादव ने बताया कि पुत्र धर्मेंद्र यादव देर रात पैदल कहीं जा रहे थे। अज्ञात वाहन के धक्के से वह घायल हो गए। पुलिस ने घायल को मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। धर्मेंद्र यादव टोटो चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। मां लीला देवी और पत्नी सिंटू देवी सहित परिजनों के बिलखने से ग्रामीणों की भीड़ दरवाजे पर जुटी रही। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पिता रामदेव यादव की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मुहम्मदाबाद : करीमुद्दीनपुर थाना के उत्तमपुर गांव निवासी जगत नारायण सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पुत्र सुशांत कुमार सिंह (29) घर से अपने ससुराल सुहवल थाना के पटकनिया गांव जा रहे थे। जब वह गौसपुर गांव के पास पहुंचे इसी दौरान सामने से आ रहे आलू लदे डीसीएम ने टक्कर मार दी। घटना स्थल पर ही युवक की मौत हो गई। इधर चालक डीसीएम छोड़कर कर भाग गया है। कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि जगत नारायण सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही चालक की तलाश की जा रही है।
शादियाबाद: यूसुफपुर गांव निवासी दीपक दुबे ने बताया कि रविवार को दीपावली पूजन के लिए भांजा सात्विक दुबे उर्फ हर्ष (12) गांव के ही प्रियांशु सिंह (20) और सत्यम ठठेरा के लिए समान लेने हंसराजपुर बाजार गया था। सामान खरीद तीनों एक ही बाइक से दोपहर में घर लौट रहे थे। कोल्डस्टोरेज के पास जंगीपुर से किराना स्टोर का सामान लादकर शादियाबाद की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राॅली ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने सात्विक को मृत घोषित कर दिया। घायल दोनों युवकों को मेडिकल काॅलेज अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। थानाध्यक्ष श्यामजी यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर पर मुकदमा दर्जकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।