ग्रेटर नोएडा। शाहबेरी में रोक के बावजूद अवैध निर्माण जारी है। कुछ दिन पहले ही यहां जारी अवैध निर्माण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने मौका मुुआयना कर क्षेत्र में तीन स्थानों पर अवैध निर्माण जारी मिलने पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने अवैध निर्माण कराने पर पांडव नगर दिल्ली निवासी बाबू लाल गुप्ता, गाजियाबाद के राजनगर निवासी बिजेंद्र और मथुरा के हरिओम गौतम पर केस दर्ज कर लिया है। मौके से निर्माण सामग्री भी जब्त की गई है। वहीं, खरीदारों का आरोप है कि पुलिस हल्की धाराओं में केस दर्ज कर रही है।
बिसरख कोतवाली में दर्ज कराई गई एफआईआर में उपनिरीक्षक हरीश कुमार ने कहा है कि सूचना मिलने पर 13 दिसंबर को शाहबेरी क्षेत्र में चेकिंग की गई। प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध निर्माण और नवनिर्माण जारी था। अजनारा होम्स सोसाइटी के पीछे तीन स्थानों पर अवैध निर्माण जारी था। पुलिस को देखकर अवैध निर्माण कर रहे लोग भाग गए। पूछताछ करने पर पता चला कि बाबू लाल गुप्ता, बिजेंद्र और हरिओम गौतम अवैध निर्माण करा रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ अलग-अलग केस आईपीसी की धारा-188 और धारा-447 के अंतर्गत केस दर्ज किए हैं। पुलिस ने मौके से 10 क्विंटल लोहे का सरिया, सीमेंट के कट्टे, फावड़े, छोटा जेनरेटर बरामद कर लिया है।
वहीं केस दर्ज करने के बाद कुछ खरीदारों ने ट्विट कर कहा कि पूर्व में शाहबेरी में अवैध निर्माण के मामले में छह से अधिक धाराओं में केस दर्ज किए गए थे लेकिन अब केवल दो धाराएं लगाईं गईं हैं।