रात में चेकिंग के दौरान तीन युवक बाइक से आते दिखे। संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे डीआईजी फार्म की ओर तेज रफ्तार से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख पीछे बैठे दो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने गुरुवार की रात लखनावली रोड पुस्ता क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बदमाश मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया। वहीं दो बदमाशों को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने अवैध असलहे, चोरी का माल और नगदी बरामद की है।
विज्ञापन
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि रात में चेकिंग के दौरान तीन युवक बाइक से आते दिखे। संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे डीआईजी फार्म की ओर तेज रफ्तार से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख पीछे बैठे दो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान गगन उर्फ जीनू उर्फ शिवम निवासी हाथरस के रूप में हुई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार अन्य दो बदमाशों की पहचान मनी निवासी फिरोजपुर थाना अकसौली हाथरस और सुहेल उर्फ गोलू निवासी जिला संभल के रूप में हुई है। तीनों फिलहाल कुलेसरा क्षेत्र में रह रहे थे।
विज्ञापन
पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 44 हजार रुपये नगद, पीली व सफेद धातु की अंगूठियां, पायल, बिछुए, एक पेशन प्रो साइकिल, दो तमंचे, कारतूस, एक चाकू, लोहे की आरी, हथौड़ा, सरिया का टुकड़ा और एक पन्ना बरामद किया है। तीनों बदमाशों पर पहले से भी कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गगन के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट सहित 11 मामले दर्ज हैं। वहीं मनी और सुहेल पर भी क्रमश पांच-पांच मुकदमे चल रहे हैं, जिनमें लूट और डकैती की धाराएं शामिल हैं।